टायर बदल रहे थे, तभी बदमाशों ने मारी गोली
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप सोमवार देर रात एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी न्यू एरिया निवासी विक्की सोनी (पिता स्व. देवनंदन सोनी) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार सोनी के साथ इयोन कार (जेएच-02 एई-0232) से हजारीबाग से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में करसो पुल के पास उनकी कार का टायर पंचर हो गया। दोनों सड़क किनारे वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक कुमार ने बताया कि बाइक से उतरे एक युवक ने विक्की सोनी के गले में गोली मार दी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल विक्की सोनी को तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले थे विक्की
मृतक के दोस्तों ने बताया कि विक्की सोनी अपने चार अन्य मित्रों के साथ कोडरमा स्टेशन से दून एक्सप्रेस पकड़कर केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले थे। सभी मित्र स्टेशन पर मिलने वाले थे, लेकिन यात्रा शुरू होने से पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्वेलरी और बर्तन व्यवसाय से जुड़े थे
परिजनों के अनुसार विक्की सोनी हजारीबाग के कोर्रा चौक स्थित देवनंदन ज्वेलर्स एवं बर्तन दुकान का संचालन करते थे। वह चार भाइयों और दो बहनों में शामिल थे। परिवार वालों ने बताया कि उनकी शादी की बातचीत भी चल रही थी और जल्द ही उनके जीवन की नई शुरुआत होने वाली थी।
जांच के लिए एसआईटी गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। टीम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
मंगलवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में बरही थाना कांड संख्या 186/26 दर्ज किया गया है। मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र सोनी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




