हुरहुरू में वारदात के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ठगा गया जेवर बरामद
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
हजारीबाग: बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरू में साधु के वेश में ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ का झांसा देकर एक महिला से सोने का जेवर ठग लिया था और फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को दबोच लिया और उनके पास से ठगा गया आभूषण बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के पति ने बड़ा बाजार ओपी पुलिस को सूचना दी कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान का बहाना बनाकर उनकी पत्नी को अपने झांसे में लिया और सोने का जीतिया लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने पीड़िता द्वारा बताए गए दिशा में आरोपियों की तलाश शुरू की।
तलाशी अभियान के दौरान क्षितिज अस्पताल के समीप एक ऑटो में सवार तीन संदिग्ध साधुओं को रोका गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से महिला का ठगा गया सोने का जीतिया तथा अन्य सोने जैसे दिखने वाले लॉकेट बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- मेलेट्री लाठौर, पिता दर्शन लाठौर, निवासी सैरिया, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार)
- अखिलेश लाठौर, पिता नंदू लाठौर, निवासी बिगेरा, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार)
- तितई लाठौर, पिता गुलछेतर लाठौर, निवासी बिगेरा, थाना अमझोर, जिला रोहतास (बिहार)
बरामद सामान
- सोने का जीतिया (मोती जड़ा माला सहित) – 1 पीस
- सोने जैसे दिखने वाले लॉकेट – 7 पीस
इस मामले में बड़ा बाजार ओपी थाना कांड संख्या 146/26 दिनांक 8 जून 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस छापेमारी अभियान में बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार रजक, मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुधीन कुमार सहित दोनों थानों के सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति या साधु-संत के वेश में आने वाले लोगों के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




