मानसून से पहले बड़े हादसे की आशंका
बड़कागांव: रांची, पतरातु और उरीमारी को बड़कागांव प्रखंड के साथ-साथ केरेडारी एवं टंडवा क्षेत्र से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर स्थित पसेरिया के समीप सड़क का एक हिस्सा पिछले एक वर्ष से अधिक समय से धंसा हुआ है। सड़क के बीचों-बीच पड़ी बड़ी दरारें और धंसा हुआ भाग राहगीरों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही दिनों में मानसून की शुरुआत होने वाली है। ऐसे में लगातार बारिश होने पर सड़क की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। उरीमारी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए धंसे हुए हिस्से के ठीक सामने एक तीखा मोड़ भी है, जिसके कारण वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा समय रहते नहीं लग पाता।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का बायां हिस्सा काफी हद तक धंस चुका है। रात के समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत नहीं होने के कारण कई मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक स्थायी मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर कनीय अभियंता जागेश्वर उरांव ने स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद भी सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। क्षेत्रीय विधायक रोशन लाल चौधरी की पहल पर विभाग ने डीपीआर तैयार कर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं दिखी है।
स्थानीय लोगों ने विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मानसून शुरू होने से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को रोका जा सके।




