संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस ने बाइक चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़े बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मानगो थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में मानगो थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो. अयान और मो. नसीम अख्तर शामिल हैं। वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली को भी मामले में नामजद किया गया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। सभी आरोपी मानगो, उलीडीह और आजादनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
फॉरेस्ट मैदान के पास हुई गिरफ्तारी
मानगो पुलिस ने गश्ती के दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के समीप संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। जांच के दौरान उनके पास मौजूद बाइक संख्या JH05AJ-4340 के कागजात मांगे गए, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। हालांकि बाइक कहां से चोरी की गई थी, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
सस्ते दामों में बेचते थे चोरी की बाइक
मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत पर बेच दिया करते थे। फॉरेस्ट मैदान के पास भी वे बाइक की बिक्री के उद्देश्य से पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
लगातार कार्रवाई के बावजूद जारी है बाइक चोरी
जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में पश्चिमी सिंहभूम जिले की नोवामुंडी पुलिस ने चोरी की 20 बाइक बरामद कर एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया था।
पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
