संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: भारतीय वायुसेना के एक स्क्वाड्रन लीडर ने अपनी पत्नी और ससुर पर गंभीर धोखाधड़ी एवं विश्वासघात का आरोप लगाते हुए रांची के रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अधिकारी का आरोप है कि उनकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन को सुनियोजित तरीके से उनके नाम से अलग रखते हुए पत्नी के नाम दर्ज करा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह मूल रूप से पलामू जिले के निवासी हैं और वर्तमान में गुजरात के नलिया एयरफोर्स स्टेशन में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि विवाह के बाद उनकी पत्नी अमितु सिंह ने रांची में जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी।
अधिकारी के अनुसार, जून 2023 से जून 2024 के बीच उन्होंने अपने बैंक खातों से 20 लाख रुपये से अधिक की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। इसके अतिरिक्त करीब 3.5 लाख रुपये नकद भी दिए गए। इस प्रकार जमीन खरीद के लिए कुल लगभग 23.5 लाख रुपये खर्च किए गए।
शिकायत के मुताबिक, इस राशि से रातू मौजा स्थित खाता संख्या-1 के प्लॉट संख्या 338 और 339 में कुल छह डिसमिल जमीन खरीदी गई। लेकिन रजिस्ट्री के दौरान उनकी पत्नी ने कथित रूप से अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर स्वयं को अपने पिता जय प्रकाश सिंह की पुत्री के रूप में दर्ज कराया और पूरी संपत्ति अपने नाम करा ली।
स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह का आरोप है कि जमीन खरीदने में पूरा आर्थिक योगदान उनका था, लेकिन दस्तावेजों में कहीं भी उनका नाम या पति के रूप में उनकी पहचान दर्ज नहीं की गई। उनका कहना है कि यह सब पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया गया, ताकि उन्हें संपत्ति के अधिकार से वंचित किया जा सके।
शिकायत में पत्नी अमितु सिंह और ससुर जय प्रकाश सिंह पर धोखाधड़ी, विश्वासघात और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।