अफ्रीका में नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, 6 युवकों के पासपोर्ट लेकर फरार हुई एजेंसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कथित एजेंसी ने अफ्रीका में रोजगार का झांसा देकर छह युवकों से लाखों रुपये वसूल लिए और बाद में संपर्क तोड़कर फरार हो गई। एजेंसी युवकों के मूल पासपोर्ट भी अपने साथ ले गई है।

पीड़ित युवक सिंघरावां पंचायत के निवासी हैं। युवकों के अनुसार उन्हें सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद एजेंसी से जुड़े व्यक्ति ने अफ्रीका में पोकलेन मशीन ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया और आकर्षक वेतन का भरोसा दिया।

एजेंसी ने नौकरी की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर आवेदन, मेडिकल जांच, वीजा और अन्य दस्तावेजी कार्यों का हवाला देते हुए प्रत्येक युवक से करीब 70 हजार रुपये जमा कराए। इसके साथ ही सभी के मूल पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए। एजेंसी ने दावा किया था कि कुछ ही दिनों के भीतर सभी युवकों को विदेश भेज दिया जाएगा।

लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब कोई सूचना नहीं मिली तो युवकों को संदेह हुआ। उन्होंने एजेंसी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद जब वे एजेंसी के बताए गए कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय बंद मिला और वहां कोई गतिविधि नहीं दिखाई दी।

घटना के बाद पीड़ित युवकों को ठगी का एहसास हुआ। उनका कहना है कि न केवल उनकी मेहनत की कमाई चली गई, बल्कि पासपोर्ट भी एजेंसी के पास होने के कारण वे अन्य रोजगार के अवसरों के लिए भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

पीड़ितों ने चौपारण थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पासपोर्ट की वापसी और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी दिलाने वाले किसी भी विज्ञापन या एजेंसी पर भरोसा करने से पहले उसकी वैधता और पंजीकरण की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें