#तीनपहाड़_रेलवे_स्टेशन #रेलवे_आंदोलन #साहिबगंज
साहिबगंज | तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति ने रेलवे की अनदेखी और क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपा। समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुआ है।इसको लेकर आगामी 21 जून को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में तीनपहाड़ जंक्शन के समीप स्थित अंडरपास (ब्रिज संख्या-293) के नवीनीकरण के साथ-साथ नई दिल्ली एक्सप्रेस (13415/13416), अमृत भारत एक्सप्रेस (14003/14004) तथा पटना एक्सप्रेस (13435/13436) के तीनपहाड़ स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि तीनपहाड़ जंक्शन मालदा मंडल का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जो ऐतिहासिक नगरी राजमहल एवं विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर कन्हैयास्थान से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद स्टेशन के पूरब स्थित रेलवे अंडरपास लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे लगभग 80 हजार की आबादी वाले दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सरकार ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जनता की जायज मांगों को लेकर समिति लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रही है।

समिति के संरक्षक एवं जिला परिषद सदस्य रणधीर सिंह ने बताया कि 21 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसका उद्देश्य रेलवे प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है।
महासचिव अमरेन्द्र सिंह एवं मुर्शीद राजा ने कहा कि यदि इसके बाद भी रेलवे प्रशासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा। क्षेत्रवासियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता जितेंद्र सेन
#Tinpahar #Sahibganj #RailwayNews #JharkhandNews #RailwayStation #Underpass #TrainStoppage #EasternRailway #Rajmahal #PublicProtest

