1 करोड़ की रंगदारी नहीं दी तो बम और गोली से हमले की धमकी, प्रिंस खान के नाम से कोल परियोजना अधिकारी को मिला मैसेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची/हजारीबाग: झारखंड में रंगदारी और धमकी के मामलों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर हजारीबाग जिले की चंद्रगुप्त कोल परियोजना से जुड़े एक अधिकारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर गोलीबारी और बम हमले की धमकी भी दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, केरेहारी क्षेत्र में संचालित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में कार्यरत सुसी कंपनी के अधिकारी आर.एस. यादव को व्हाट्सएप कॉल और संदेश के माध्यम से धमकी दी गई। आर.एस. यादव वर्तमान में चतरा जिले के टंडवा क्षेत्र में निवास करते हैं।

धमकी भरे संदेश में कथित तौर पर कंपनी प्रबंधन से 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर गोली और बम से हमला किया जाएगा। संदेश में 15 जून तक एक करोड़ रुपये देने और हर महीने 10 लाख रुपये की नियमित रंगदारी की मांग भी की गई है।

मैसेज में यह भी लिखा गया है कि “कोयलांचल में काम करना है तो शांति सेना को साथ लेकर चलना होगा।” इस धमकी के बाद कोयला क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों और कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों के भीतर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले रांची के एक रेस्टोरेंट संचालक और राजधानी के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी को भी इसी तरह की धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई थी।

इधर, हजारीबाग, चतरा और रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकी के पीछे वास्तव में प्रिंस खान गिरोह का हाथ है या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई अन्य गिरोह रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा है।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। कारोबारी संगठनों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें