तालझारी। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाया गया सबदाराफाटक अंडरपास अब लोगों के लिए सुविधा कम और मुसीबत ज्यादा बन गया है। मालदा रेल मंडल के अंतर्गत कल्याणचक–तालझारी के बीच बने इस अंडरपास में सड़क के बीचों-बीच करीब 3 से 4 मीटर लंबा सरिया निकल आया है, जो हर गुजरने वाले वाहन चालक को मौत का निमंत्रण देता नजर आ रहा है।

बारिश हुई नहीं कि अंडरपास तालाब बन जाता है। पानी भरते ही सड़क के बीच निकला सरिया दिखाई देना बंद हो जाता है और फिर शुरू होता है हादसों का सिलसिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक अब तक दर्जनभर से अधिक बाइक और चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। एक बाइक की पेट्रोल टंकी तक फट गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सड़क के बीचों-बीच इतना बड़ा सरिया निकला कैसे? यदि निर्माण कार्य सही तरीके से हुआ था तो कुछ ही महीनों में सड़क की यह हालत क्यों हो गई? स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और निगरानी तंत्र की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

ग्रामीण बताते हैं कि अंडरपास से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। पानी भरा रहने और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सरिया दिखाई नहीं देता और वाहन चालक सीधे दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो सरिया हटाया गया, न जल निकासी की व्यवस्था सुधारी गई और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए।

