पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी, सुरक्षा गार्ड घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें



पटना। बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार शाम लोकप्रिय शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। फायरिंग में संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।



घटना की सूचना मिलते ही पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि घायल गार्ड और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।



घटना के संबंध में खान सर ने दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने कोचिंग संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है तथा सुरक्षा गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान भी की है। खान सर ने आरोप लगाया कि हमलावर पास के एक अन्य कोचिंग संस्थान से जुड़े हो सकते हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

खान सर ने कहा कि उनका संस्थान कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है और बेहतर परिणाम देता है, जिससे कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

पुलिस प्रारंभिक जांच में कोचिंग संस्थानों के बीच कथित प्रतिद्वंद्विता के पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में छात्र और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों को जांच में लगाया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें