गोड्डा। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने झारखंड के गोड्डा जिले स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की दुमरिया शाखा के शाखा प्रबंधक को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने आरोपी को 77 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

सीबीआई द्वारा मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी शाखा प्रबंधक के विरुद्ध 31 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि शिकायतकर्ता की दिवंगत मां के प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के दो लाख रुपये के बीमा दावा भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए शाखा प्रबंधक ने 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
इसके अलावा शिकायतकर्ता के पक्ष में बैंक खाता हस्तांतरित होने के बाद 35 हजार रुपये की निकासी पर लगाए गए होल्ड को हटाने के लिए अतिरिक्त 17 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और जाल बिछाकर कार्रवाई की।
सीबीआई की टीम ने एक जून 2026 को आरोपी शाखा प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 77 हजार रुपये रिश्वत मांगते एवं स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी द्वारा आरोपी के कार्यालय एवं आवासीय परिसर में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गिरफ्तार शाखा प्रबंधक को मंगलवार को धनबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
सीबीआई की इस कार्रवाई को बैंकिंग व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


