सरायकेला में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, लगी भीषण आग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

सरायकेला: सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, लॉजिस्टिक कंटेनर वजन कराने के लिए पम्मी धर्मकांटा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंटेनर का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही तेज चिंगारी निकली और देखते ही देखते कंटेनर में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह घायल चालक को कंटेनर से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

हादसे के बाद कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कंटेनर का हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में आना माना जा रहा है। आरआईटी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं घायल चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें