दोस्ती निभाने निकला सह चालक, बस लेकर हुआ फरार, दुर्घटनाग्रस्त मिली बस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

दुमका: दुमका बस पड़ाव से एक निजी बस के अचानक गायब होने की घटना ने शनिवार सुबह सनसनी फैला दी। सुबह जब पागल बाबा कंपनी के चालक और अन्य कर्मचारी बस स्टैंड पहुंचे तो निर्धारित स्थान पर बस नहीं मिली। बस की देखरेख करने वाला सह चालक भी गायब था, जिसके बाद बस चोरी की आशंका जताते हुए नगर थाना को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और विभिन्न क्षेत्रों में बस की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि बस मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोदो खिच्चा गांव के समीप दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में खड़ी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस जांच में मामले ने नया मोड़ ले लिया। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम बस स्टैंड में बस खड़ी करने के बाद चालक और अन्य कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। रोज की तरह बस की जिम्मेदारी सह चालक को सौंपी गई थी।

बताया जा रहा है कि देर रात सह चालक का एक मित्र उससे मिला, जिसे घर जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था। मित्र की मदद करने के उद्देश्य से सह चालक बिना किसी अनुमति के बस लेकर निकल पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मित्र को घर पहुंचाने के दौरान रास्ते में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस वहीं छोड़ दी गई। वहीं शनिवार सुबह जब बस स्टैंड से बस गायब मिली तो कर्मचारियों ने इसे चोरी की घटना समझकर पुलिस को सूचना दे दी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सह चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि बस किन परिस्थितियों में स्टैंड से बाहर निकाली गई और दुर्घटना कैसे हुई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला बस चोरी से अधिक लापरवाही और नियमों की अनदेखी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें