जमशेदपुर : भाई को गलत संगत से बचाना पड़ा भारी, युवक ने घर के बाहर बैठी महिला पर की फायरिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक युवक को अपने भाई को गलत संगत से दूर रखने की कोशिश भारी पड़ गई। पड़ोसी युवक वीर सिंह उर्फ बच्चा उर्फ पंडित ने घर के बाहर बैठी महिला पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में महिला बाल-बाल बच गईं और किसी को गोली नहीं लगी।

घटना को लेकर नामदा बस्ती ए-ब्लॉक निवासी अमन सिंह ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी वीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता अमन सिंह के अनुसार, आरोपी वीर सिंह उसके भाई विक्की सिंह को गलत संगत और नशे की ओर ले जा रहा था। इसे लेकर उसने अपने भाई को वीर सिंह से दूरी बनाने की सलाह दी थी। 25 मई को इसी बात को लेकर अमन और वीर सिंह के बीच विवाद भी हुआ था।

अमन का आरोप है कि उसने वीर सिंह को भी समझाया था कि वह उसके भाई से दूर रहे, जिससे आरोपी नाराज हो गया।

आरोप के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8:15 बजे वीर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल से अमन के घर पहुंचा। उस समय अमन की मां घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनकी ओर तीन राउंड फायरिंग कर दी।

गोली की आवाज सुनकर अमन, जो पास के एक घर में बैठा था, दौड़कर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि भागते समय वीर सिंह ने अमन को गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा कि “तू मुझसे कितने दिन छिपेगा, जिस दिन मिलेगा गोली मार दूंगा।”

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। वहीं आरोपी वीर सिंह पर नामदा बस्ती के एक कारोबारी राज से 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप भी सामने आया है। कारोबारी ने इस संबंध में गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें