झारखंड में पेट्रोल-डीजल ने लगाया शतक, रांची में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे दाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। सोमवार को तेल कंपनियों द्वारा की गई ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 105.29 रुपये प्रति लीटर और डीजल 100.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत में 2.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.83 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। पिछले 11 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। लगातार हो रही मूल्यवृद्धि से वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

पेट्रोल-डीजल महंगा होने का असर अब परिवहन और बाजार व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। टूर एंड ट्रैवल व्यवसायियों ने कैब किराए में बढ़ोतरी शुरू कर दी है। वहीं मालवाहक वाहनों का भाड़ा भी बढ़ने लगा है, जिससे रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।

व्यापारियों का कहना है कि ईंधन की कीमत बढ़ने से सामान ढुलाई की लागत बढ़ गई है, जिसका सीधा असर बाजार और उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की संभावना से आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें