संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रामगढ़: रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में लंबे समय से रंगदारी और लेवी वसूली कर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गैंग के सात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा गोलियां, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूरे मामले की जानकारी रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता कर दी।
जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गैंग द्वारा पतरातू और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। मार्च महीने में गैंग के अपराधियों ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री, ऑसम दूध फैक्ट्री और रेलवे निर्माण कार्य में लगी कंपनियों के साइट पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इन घटनाओं के बाद से पुलिस लगातार गैंग के नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हुई थी।
रामगढ़ एसपी के निर्देश पर पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना और लगातार छापेमारी के बाद राहुल दुबे गैंग से जुड़े सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, करीब 40 राउंड जिंदा गोलियां, दो अपाची बाइक और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान का इस्तेमाल रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं में किया जाता था।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के कारोबारियों और कंपनियों ने राहत की सांस ली है।







