संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार देर रात हाथियों के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास हुई। घायल की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।
जानकारी के अनुसार, नीलकंठ नायक सोमवार को चाकुलिया के जोड़ाम हाट में सब्जी बेचने के बाद देर रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के समीप सड़क पर उनका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। अचानक हाथियों को सामने देख उन्होंने बाइक छोड़ दी और जान बचाने के लिए भागने लगे।
बताया जा रहा है कि एक हाथी ने उनका पीछा किया और पास के खेत में उन्हें घेर लिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें पटक दिया और उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह नीलकंठ नायक वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया। बताया गया है कि उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक समीर मोहंती भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। वहीं वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल का हालचाल लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, बड़ामारा गांव के आसपास पिछले कई दिनों से सात हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई बार हाथी मुख्य सड़क पर भी आ जाते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और वन विभाग प्रभावी रोकथाम में विफल साबित हो रहा है।







