लोहरदगा में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, मां और पत्नी की हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुन्जी गांव की जामुन टोली में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शनिवार शाम करीब 5 बजे एक युवक ने अपनी वृद्ध मां और पत्नी की सब्बल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान 75 वर्षीय रूपी उरांव और उनकी बहू 32 वर्षीय सुमरी उरांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों की हत्या परिवार के सदस्य मड़वा उरांव ने की। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य लोग आम बागान में आम तोड़ने गए हुए थे। इसी दौरान घर लौटे मड़वा उरांव का मां और पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे सब्बल से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक आरोपी पिछले करीब एक साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज रिनपास में चल रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि वह अक्सर गुस्से में रहता था। वहीं, एक सप्ताह पहले उसके भतीजे की मौत के बाद उसकी मानसिक स्थिति और खराब हो गई थी।

घटना के समय मृतका सुमरी उरांव की बेटी ट्यूशन पढ़ने गई हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य भी घर पर नहीं थे। इस घटना के बाद दोनों छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलने पर भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और मानसिक अस्वस्थता को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

और पढ़ें