जामताड़ा शहर के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में शनिवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा माता पार्वती की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय श्रद्धालु डेजी देवी पूजा के लिए मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने देखा कि माता पार्वती की प्रतिमा खंडित अवस्था में मंदिर परिसर के बाहर पड़ी हुई है। घटना की खबर फैलते ही मंदिर कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटना बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
मामले की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल पर भी तोड़फोड़ हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश गुप्ता और मंदिर कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शहर में चक्का जाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।








