संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
लिपुंगा, पश्चिमी सिंहभूम | 25 नवम्बर 2025
जिले के लिपुंगा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 72 वर्षीय सगिरिया बालमचू और उनकी पत्नी 65 वर्षीय मुक्ता बालमचू की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि हत्या डायन-बिसाही विवाद से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि दंपत्ति का हाल ही में गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वे दबाव और डर में जी रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि सभी कोणों से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों तक पहुंचने का दावा किया।
गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।








