मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की तबीयत मंगलवार देर रात अचानक खराब हो गई। वे अपने घर में बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गोविंदा के करीबी दोस्त और कानूनी सलाहकार ललित बिंदल ने बताया कि अभिनेता की हालत अब स्थिर है, लेकिन डॉक्टर उनकी विस्तृत मेडिकल जांच कर रहे हैं। उन्हें रात करीब 1 बजे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में गोविंदा अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गलती से घायल हो गए थे, जब उनके पैर में गोली लग गई थी। उस समय भी उन्हें कई घंटे की सर्जरी करानी पड़ी थी। फिलहाल अभिनेता के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।








