रजत जयंती महोत्सव के तहत रन फॉर झारखंड का भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 मार्च तक विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद, कला प्रदर्शन और जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे आयोजित

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता

हजारीबाग : झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में दारू प्रखंड में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। इसी कड़ी में दारू प्रखंड में 11 से 15 मार्च तक सांस्कृतिक, निवास और जनभागीदारी पर आधारित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवार को रन फॉर झारखंड से हुई, जिसका उद्देश्य राज्य के गौरवशाली इतिहास, एकता और युवाओं में जागरूकता का संदेश देना रहा। रन फॉर झारखंड का शुभारंभ महेशरा +2 उच्च विद्यालय, महेशरा से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दारू प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, दारू अंचल अधिकारी राम बालक कुमार, दारू थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन, बीपीएम रोहित केसरी, जिनगा पंचायत की मुखिया पिंकी देवी एवं विद्यालय के प्राचार्य द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखा कर किया गया। विद्यालय प्रांगण में सुबह से ही छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल था। बच्चे हाथों में तख्तियाँ लिए राज्य की एकता, संस्कृति और विकास के संदेशों के साथ नारे लगाते हुए दौड़ में शामिल हुए। महेशरा +2 उच्च विद्यालय से झुमरा मध्य विद्यालय तक आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, शिक्षकों एवं स्थानीय युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रन फॉर झारखंड के माध्यम से राज्य निर्माण की भावना और स्वच्छ, सशक्त एवं शिक्षित झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया। दौड़ के दौरान रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दारू थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान तैनात रहे। पूरे मार्ग में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। बच्चों की सुरक्षा भी तैनात थे। दारू प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद ने कहा कि रन फॉर झारखंड का उद्देश्य युवाओं में राज्य के प्रति गर्व और जिम्मेदारी की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और वीर शहीदों की भूमि है, और आज का युवा ही इसके उज्जवल भविष्य का निर्माता है।दारू थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन ने कहा कि राज्य के विकास में जनभागीदारी सबसे अहम है। उन्होंने उपस्थित लोगों से रजत जयंती महोत्सव के दौरान होने वाले अन्य कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की। बीपीएम रोहित केसरी ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं के उत्साह को बढ़ाते हैं और समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों, पुलिस प्रशासन और प्रतिभागी विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल नहीं, बल्कि झारखंड की एकता, गर्व और आत्मसम्मान का प्रतीक है। रजत जयंती महोत्सव के तहत दारू प्रखंड में 15 मार्च तक विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद, कला प्रदर्शन और जनसहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें