???? दो दिनों से लापता बच्ची का कुएं से मिला शव, हत्या की आशंका — पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डाल्टनगंज (पलामू):
जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोशियारा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो दिनों से लापता 10 वर्षीय बच्ची रितु कुमारी का शव आज एक कुएं से बरामद किया गया। बच्ची के लापता होने के बाद से ही पूरा परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी खोज में जुटे थे, लेकिन आज उसकी मृत अवस्था में बरामदगी ने पूरे गांव को गहरे शोक और गुस्से में डाल दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कुएं से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जब शव को बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान रितु कुमारी के रूप में हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर देवब्रत पोद्दार सहित चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ आपराधिक तत्वों ने बच्ची की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया होगा। इस अमानवीय घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को ऐसी सख्त सजा दी जाए जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना से कोशियारा गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मासूम रितु को न्याय दिलाने की मांग की है।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें