पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिले के महागामा थाना क्षेत्र के बागजोरी गांव में शुक्रवार की सुबह घर के पीछे स्थित कुएं से एक महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में की गई है, जो 5 नवंबर से लापता थी। जानकारी के अनुसार, काजल कुमारी का अपने पति मिथुन भगत से उसी दिन झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह घर से गायब हो गई थी। मिथुन भगत ने पुलिस को बताया कि 5 नवंबर की शाम वह अपनी मां को महागामा छोड़ने गया था और देर से घर लौटा। इसी बात को लेकर पत्नी ने नाराजगी जताई थी। झगड़े के बाद काजल घर से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने कुएं में महिला का शव तैरता देखा और तत्काल महागामा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल और एएसआई रोमा कुमारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। मृतका के पति ने बताया कि काजल भागलपुर जिले के नाथनगर की रहने वाली थी। उसकी शादी मिथुन भगत से साल 2023 में हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। दंपती का एक साल का एक बच्चा भी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद ने बताया कि महिला 5 नवंबर से लापता थी और आज उसका शव कुएं से मिला है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।









