झारखंड में 30 अक्टूबर तक दस्तक देगी बारिश, कई जिलों में मेघगर्जन के साथ वर्षा का अनुमान

मौसम विभाग ने जारी की अलर्ट, लो-प्रेशर सिस्टम से हो रहा है मौसम में बदलाव; रांची में 29 अक्टूबर को मध्यम वर्षा की संभावना

रांची। : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 25 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र इस बदलाव का कारण बना है। यह सिस्टम 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है, जिसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ेगा।

जिलेवार मौसम का हाल
आज यानी25 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

26 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी इलाके को छोड़कर राज्य के कई भागों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं पश्चिमी झारखंड के जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

27 अक्टूबर को दक्षिणी झारखंड के जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और हल्की वर्षा की संभावना है।

28 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को मेघ गर्जन के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा का अनुमान है।

राजधानी रांची का मौसम
राजधानीरांची में आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 26 अक्टूबर को सुबह मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है। 27-28 अक्टूबर को दिन भर बादल छाए रहने और दो या अधिक बार हल्की बारिश की संभावना है। 29 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ गरज और मध्यम वर्षा की संभावना है, जबकि 30 अक्टूबर को सुबह मध्यम कोहरा रहने के बाद मौसम सामान्यतः साफ रहेगा।

तापमान में गिरावट
रांचीमें 25 से 28 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 30°C के आसपास और न्यूनतम तापमान 20-22°C के बीच रहने की संभावना है। 29 अक्टूबर को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले इलाकों में वज्रपात के दौरान शरण लेने को कहा गया है। किसानों को भी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अपनी गतिविधियों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment