संगठन सृजन अभियान : अग्रसेन भवन में गूँजे कांग्रेस के नारे, पंचायत स्तर तक संगठन को मज़बूत करने का संकल्प

जामताड़ा। जामताड़ा के नारायणपुर स्थित अग्रसेन भवन में कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत शक्ति प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया, जहाँ कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने मंच साझा कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, जिलाध्यक्ष दीपिका बेसरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जैसे ही नेता मंच पर पहुँचे, कार्यकर्ताओं की तालियों और नारों से सभागार गूंज उठा।
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा, हर पंचायत से 12 पुरुष और 4 महिला कार्यकर्ताओं को कमेटी में शामिल करना अनिवार्य है। जब महिलाएँ आगे आती हैं, संगठन मज़बूत होता है। कांग्रेस आने वाले पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देगी। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा, हमारा लक्ष्य राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को गाँव-गाँव जाकर जनता से जुड़ना होगा और संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा सिर्फ झूठ और नफरत की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस जनता की सेवा और विकास की राजनीति करती है। अब समय आ गया है कि हम गाँव-गाँव जाकर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करें और कांग्रेस का परचम फिर से लहराएँ। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा, देश की मौजूदा स्थिति में केवल कांग्रेस ही लोकतंत्र को बचा सकती है। राहुल गांधी ही देश को नई दिशा दे सकते हैं। कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर संगठन मज़बूत करने के लिए जुट जाना चाहिए।
पूर्व कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा, आज देश में जो विकास और उपलब्धियाँ दिख रही हैं, वह कांग्रेस की देन है। पार्टी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और देश के लिए बलिदान दिए। अब यह ज़िम्मेदारी हमारी है कि इस योगदान को घर-घर तक पहुँचाएँ और संगठन को मज़बूत करें। जामताड़ा की यह ऐतिहासिक बैठक संकेत दे रही है कि कांग्रेस अब गाँव-गाँव पहुँचकर जनता से सीधा संवाद करने और आगामी चुनावों के लिए पूरी तैयारी में है। संगठन सृजन अभियान कांग्रेस की चुनावी रणनीति की मज़बूत नींव साबित होगा।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment