Search
Close this search box.

रांची में नकली नोटों का जाल, पुलिस ने 68.5 लाख के जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली में बैठा सरगना, बिहार से पहुंची थी जाली नोटों की खेप

रांची विशेष संवाददाता / मनोज प्रसाद

राजधानी रांची में नकली नोटों के कारोबार से जुड़ी एक बड़ी साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 500-500 रुपये के कुल 42 बंडल नकली नोट बरामद किए गए हैं। जब्त की गई रकम की कुल कीमत 68 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले का सरगना दिल्ली निवासी नीरज कुमार चौधरी है, जो मोबाइल और व्हाट्सएप के जरिये गिरोह को संचालित करता था।

बिहार से रांची पहुंची थी जाली नोटों की खेप—–

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से आने वाली चंद्रलोक बस के माध्यम से नकली नोटों की बड़ी खेप रांची पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर रांची के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने रातू रोड स्थित न्यू मार्केट चौक के पास सुलभ शौचालय के नजदीक छापेमारी की। जैसे ही बस से तीन कार्टून निकाले गए और पास में खड़ी सफेद रंग की हुंडई कार में रखे गए, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।

20 बंडल में 300-300 नोट, 22 बंडल में 350-350 नोट

तलाशी के दौरान तीन कार्टूनों में कुल 42 बंडल नकली नोट बरामद हुए। इनमें से

  • 20 बंडलों में 300-300 नोट (₹500 x 300 x 20 = ₹30,00,000)
  • 22 बंडलों में 350-350 नोट (₹500 x 350 x 22 = ₹38,50,000)
    इस प्रकार कुल ₹68,50,000 के नकली नोट जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?—-

गिरफ्तार किये गए युवकों की पहचान मो. साबिर उर्फ राजा (27 वर्ष) और साहिल कुमार उर्फ करण (32 वर्ष) के रूप में हुई है।

  • मो. साबिर, पिता मो. असलम, अरगोड़ा थाना क्षेत्र के नूर नगर, हरमू बाइपास रोड का रहने वाला है।
  • साहिल कुमार, पिता कैलाश मंडल, एलएफ क्वार्टर नंबर-60, हरमू हाउसिंग कॉलोनी का निवासी है।

दोनों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे दिल्ली निवासी नीरज कुमार चौधरी के संपर्क में थे, जो मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से नकली नोटों की डीलिंग करता है। गिरोह के सदस्य तय समय और स्थान पर पहुंचकर डिलीवरी लेते हैं।

पुलिस कर रही है गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

रांची पुलिस अब इस संगठित आपराधिक गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। दिल्ली और बिहार में नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि शहर में नकली नोटों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

Bishwjit Tiwari
Author: Bishwjit Tiwari

Leave a Comment

और पढ़ें