1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं से भी Form-6 भरने की अपील
रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर अभियान तेज है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए Form-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों, खासकर 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, से समय रहते Form-6 और घोषणा पत्र भरने की अपील की है।
मतदाता ECINET के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या अपने संबंधित बीएलओ (BLO) से संपर्क कर Form-6 भर सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के बाद मौजूदा SIR मतदाता सूची में पात्र युवाओं के नाम शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे में जिन पात्र लोगों का नाम अभी ड्राफ्ट सूची में नहीं है, उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है।
भविष्य में भी काम आएगी SIR मतदाता सूची
के. रवि कुमार ने बताया कि SIR के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची को भविष्य में भी महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाएगा। वर्तमान SIR में 2003 की SIR सूची के दस्तावेजों से मैपिंग के आधार पर कई मतदाताओं और उनके बेटे-बेटियों को कुछ अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने से छूट मिल रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में वर्तमान SIR सूची में शामिल होने वाले मतदाताओं और उनके बच्चों को भी इसका लाभ मिल सकता है। इसलिए पात्र युवाओं और नागरिकों को समय रहते Form-6 भरने की जरूरत है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे अपने BLA-2 के माध्यम से पात्र युवाओं को Form-6 भरने के लिए जागरूक करें और ECINET अथवा संबंधित BLO के जरिए आवेदन करने में सहयोग करें।
75 मतदान केंद्रों पर एक भी Form-6 नहीं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 13 सितंबर तक की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि राज्य के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 केंद्रों पर अब तक एक भी Form-6 प्राप्त नहीं हुआ है।
वहीं, 5,591 मतदान केंद्रों पर 1 से 5 आवेदन, 8,618 केंद्रों पर 6 से 10 आवेदन, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20 आवेदन और 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक Form-6 प्राप्त हुए हैं।
शून्य आवेदन वाले 75 केंद्रों में अकेले रांची के 62 मतदान केंद्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो कांके में सबसे अधिक 52 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां अब तक एक भी Form-6 प्राप्त नहीं हुआ है।
वहीं, रांची में 904, हजारीबाग में 628, गिरिडीह में 515, देवघर में 455 और चतरा में 369 मतदान केंद्रों पर 1 से 5 Form-6 प्राप्त हुए हैं।
प्रशासन की अपील
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं से अपील की है कि वे 15 सितंबर की अंतिम तारीख से पहले Form-6 अवश्य भरें, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।









