धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र की ढांगी बस्ती में शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर मिला। घटनास्थल से पूजा सामग्री मिलने के बाद ग्रामीणों ने नरबलि की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जंगल में शव मिलने से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि गांव निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार को शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर वहां पड़े एक पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक महिला का शव पड़ा है और उसका सिर धड़ से अलग है।
इसके बाद आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पूजा सामग्री मिलने से नरबलि की आशंका
पुलिस को घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी मिली है। इन्हीं चीजों के आधार पर स्थानीय लोगों ने महिला की हत्या को कथित नरबलि से जोड़कर आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी नरबलि की पुष्टि नहीं हुई है।
बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के अनुसार, मृत महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
FSL और डॉग स्क्वायड की टीम करेगी जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रांची से FSL टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। दोनों टीमें घटनास्थल से संभावित सुराग जुटाने में लगी हैं।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृत महिला की पहचान करना और उसकी मौत के वास्तविक कारण का पता लगाना है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।









