तीनपहाड़ बैंक मोड़ पर बड़ा हादसा टला, नाली में फंसा  ट्रक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कुछ देर बाद होता हादसा तो स्कूल से निकल रहे बच्चे आ सकते थे चपेट में, ऑटो भी हुआ क्षतिग्रस्त

संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता | तीनपहाड़

तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बैंक मोड़ के समीप बुधवार को लोडेट  एक भारी ट्रक के अचानक पीछे की ओर सरक जाने से अफरा-तफरी मच गई। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित दीपक सिंह के घर के पास जा पहुंचा और उसका एक पहिया नाली में फंस गया। इसी दौरान पास में खड़ा एक ऑटो भी ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



मिली जानकारी के अनुसार, सीजी 04 एमडी 9067 नंबर का 14 चक्का  लोडेट ट्रक बैंक मोड़ के समीप  करने के लिए चालक द्वारा पीछे कर साइड में लगाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक पीछे की ओर सरकने लगा। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक पीछे की ओर बढ़ते हुए दीपक सिंह के घर के पास पहुंच गया। इसी क्रम में सड़क किनारे खड़ा एक ऑटो भी ट्रक की चपेट में आ गया।

ट्रक के पीछे की ओर सरकने के दौरान उसका एक पहिया सड़क किनारे बनी नाली में जा फंसा। इससे ट्रक रुक गया और आगे-पीछे नहीं बढ़ सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक का पहिया नाली में नहीं फंसता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।



स्कूल के पास हुआ हादसा, बाल-बाल बचे बच्चे

दुर्घटनास्थल के समीप ही राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय उर्दू कन्या, तीनपहाड़ स्थित है। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राओं और लोगों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसके कुछ ही देर बाद विद्यालय में टिफिन का समय होने वाला था।

ऐसे में यदि ट्रक कुछ देर बाद अनियंत्रित होकर पीछे की ओर सरकता और उस समय स्कूल के बच्चे सड़क पर मौजूद होते, तो वे इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों ने स्कूल के आसपास भारी वाहनों को पीछे करने और मोड़ने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की मांग की है।



सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही तीनपहाड़ थाना की पेट्रोलिंग गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंची। गश्ती दल के साथ एएसआई प्रदीप यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी जुटाने में लगे रहे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के समीप भारी वाहनों की आवाजाही और उन्हें सड़क किनारे पीछे करने के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Leave a Comment

और पढ़ें