मालदा। मालदा मंडल में सोमवार को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुआ। सहायक वाणिज्य प्रबंधक-I एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के रूप में कार्यरत श्री रसराज माजी को उनके पदभार से मुक्त कर दिया गया। उनका स्थानांतरण पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता किया गया है, जहां वे सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग एवं जन शिकायत) का दायित्व संभालेंगे।
मालदा मंडल में कार्यकाल के दौरान रसराज माजी ने वाणिज्यिक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ यात्रियों की सुविधाओं, जन शिकायतों के निवारण और यात्री-केंद्रित योजनाओं के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनसंपर्क अधिकारी के रूप में उन्होंने मीडिया समन्वय, रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं के प्रसार तथा मीडिया और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में भी योगदान दिया।
उनके सक्रिय जनसंपर्क और मीडिया प्रबंधन के माध्यम से मालदा मंडल की यात्री सुविधाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने में मदद मिली। इधर, सुकांत मंडल ने सोमवार को मालदा मंडल के नए सहायक वाणिज्य प्रबंधक-I के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे आसनसोल मंडल में मुख्य वाणिज्यिक आरक्षण पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत थे। वाणिज्यिक एवं आरक्षण क्षेत्र में अनुभव रखने वाले सुकांत मंडल के सामने मालदा मंडल में यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने, वाणिज्यिक गतिविधियों को मजबूत करने तथा यात्रियों की शिकायतों के त्वरित निवारण को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी होगी।
मालदा मंडल की ओर से सुकांत मंडल का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं फलदायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी गईं, वहीं रसराज माजी के नए दायित्व के लिए भी शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।









