गुमला की बेटियों ने रचा इतिहास, सुब्रतो कप में बनीं अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गुमला: 65वें सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। दिल्ली में खेले गए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का परचम लहराया।

राष्ट्रीय चैंपियन बनने के बाद विजेता टीम को कुल 5 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में खिलाड़ियों के साथ कोच और गोलकीपर का भी अहम योगदान रहा।

कोच और गोलकीपर को भी मिलेगा पुरस्कार

टीम की बेस्ट कोच बीणा केरकेट्टा को उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, टीम की बेस्ट गोलकीपर खुशबू कुमारी को शानदार प्रदर्शन के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

फाइनल तक के पूरे सफर में संत पैट्रिक स्कूल की खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि से गुमला समेत पूरे झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने बढ़ाया झारखंड का मान

संत पैट्रिक स्कूल की बेटियों ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अगर उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन मिले, तो वे राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।

फाइनल मुकाबले के दौरान दिल्ली के खेल मैदान में बसिया अनुमंडल के एलआरडीसी शेखर कुमार, स्कूल के एचएम फादर नाबोर मिंज, फादर रंजीत खलखो सहित गुमला प्रशासन के अधिकारी और स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी ऐतिहासिक जीत के साक्षी बने।

संत पैट्रिक स्कूल की इस सफलता ने न केवल गुमला, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय चैंपियन बनी इन बेटियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें