संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत धरमपुर गांव निवासी युवक छोटी ठाकुर की मुंबई में डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई। वह करीब दो माह पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था और वहां एक होटल में काम कर रहा था। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, छोटी ठाकुर पिछले करीब आठ दिनों से डेंगू से पीड़ित था। शुरुआत में सामान्य बुखार समझकर उसका इलाज कराया जा रहा था, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हवाई मार्ग से कोलकाता लाया गया शव
मौत के बाद परिजनों ने शव को हवाई मार्ग से मुंबई से कोलकाता मंगवाया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को उसके पैतृक गांव धरमपुर लाया गया। शव के गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
बाद में गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में छोटी ठाकुर का अंतिम संस्कार किया गया।
छह माह की बच्ची छोड़ गया पीछे
बताया गया कि छोटी ठाकुर की करीब एक वर्ष पहले टाटीझरिया के आमनारी में शादी हुई थी। उसके पीछे पत्नी और करीब छह माह की मासूम बच्ची है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक आई इस त्रासदी से ग्रामीण भी मर्माहत हैं।
छोटी ठाकुर की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, छह माह की मासूम बच्ची के सिर से कम उम्र में ही पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।









