संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क
रांची: झारखंड में JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं को रद्द किए जाने के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को तीन याचिकाएं दाखिल की गईं। सोनम कुमारी, अवधेश कुमार एवं अन्य की ओर से अलग-अलग याचिकाएं दायर कर सरकार के परीक्षा रद्द करने और नियुक्तियां प्रभावित करने वाले आदेश को निरस्त करने की मांग की गई है।
बुधवार शाम करीब चार बजे याचिकाकर्ताओं की ओर से मामले पर जल्द सुनवाई के लिए अदालत में विशेष आग्रह (मेंशन) किया गया। अदालत ने विशेष आग्रह स्वीकार करते हुए मामलों को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया। इन याचिकाओं पर जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में सुनवाई होगी।
सरकार के फैसले को निरस्त करने की मांग
सोनम कुमारी की ओर से अधिवक्ता पीएसए पति ने याचिका दाखिल की है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होने के बाद वे नियुक्त होकर अपने पदों पर सेवाएं दे रहे थे।
अब सरकार की ओर से परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के कारण उनकी नियुक्ति और सेवा पर संकट उत्पन्न हो गया है। याचिकाओं में सरकार के उस आदेश को निरस्त करने की मांग की गई है, जिसके चलते पहले से नियुक्त अभ्यर्थियों की सेवा प्रभावित हुई है।
आज की सुनवाई पर टिकी नजरें
परीक्षाएं रद्द होने के बाद चयनित और नियुक्त अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें अदालत के रुख और सुनवाई के दौरान सामने आने वाली दलीलों पर टिकी हैं। कोर्ट के आदेश के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले से प्रभावित नियुक्त अभ्यर्थियों को तत्काल कोई राहत मिलती है या नहीं।









