जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के छह लोग बीमार, 20 से अधिक बार हुई उल्टियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

कोडरमा: जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत मधुबन गांव में जंगली खुखड़ी खाने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। बीमार लोगों में चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। खुखड़ी खाने के कुछ देर बाद सभी को अचानक पेट दर्द और लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया।

खुखड़ी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिवार की बुजुर्ग सदस्य शकुंतला देवी ने बताया कि बुधवार को वह अपने बेटे निर्मल यादव के साथ खेत में धान रोपने गई थीं। देर शाम जब दोनों घर लौटे तो देखा कि बच्चे और बहू परेशान थे और लगातार उल्टियां कर रहे थे।

पूछताछ करने पर पता चला कि परिवार के सदस्यों ने शाम में खुखड़ी खाई थी। इसके कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शकुंतला देवी के अनुसार, बीमार सदस्यों को 20 से अधिक बार उल्टियां हुईं।

इसके बाद परिजन सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा लेकर पहुंचे।

डॉक्टर ने बताया फूड पॉइजनिंग का मामला

सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. नीरज शाहा ने सभी मरीजों की प्रारंभिक जांच की और आवश्यक दवाएं दीं। डॉक्टर के अनुसार, यह फूड पॉइजनिंग का मामला है और खुखड़ी खाने के कारण ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की आशंका है।

फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।

चार बच्चे और दो महिलाएं बीमार

बीमार लोगों में 13 वर्षीय नैतिक कुमार, 12 वर्षीय सूरज कुमार, 10 वर्षीय उज्जवल कुमार, 16 वर्षीय मौसम कुमारी, 30 वर्षीय मुन्नी देवी और 36 वर्षीय संगीता देवी शामिल हैं।

मुन्नी देवी का इलाज घर पर ही किया गया, जबकि अन्य मरीजों का सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है। बच्चों और महिलाओं की चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों से जंगली खाद्य पदार्थों की पहचान और सेवन को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें