बरहरवा। रेलवे ई-टिकटों की अनधिकृत बुकिंग और आपूर्ति के खिलाफ आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल हावड़ा और डीएससी/आरपीएफ मालदा से मिले इनपुट के आधार पर 18 अगस्त 2026 को उत्तर पीयारपुर स्थित प्रज्ञा केंद्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई का नेतृत्व आरपीएफ बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार ने किया। अभियान में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे, आरक्षी अनिल कुमार साह और आरक्षी अमरेश कुमार के साथ राधानगर थाना पुलिस शामिल रही।
नौ निजी उपयोगकर्ता पहचान से हो रही थी टिकट बुकिंग
तलाशी के दौरान गोलाम मोहम्मद (28 वर्ष) को निजी रेलवे उपयोगकर्ता पहचान के माध्यम से अनधिकृत रूप से ई-टिकट बुक करते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे और उपयोग से नौ निजी उपयोगकर्ता पहचान, तीन आगामी यात्रा के टिकट और छह पूर्व यात्रा के टिकट बरामद किए गए। बरामद टिकटों की कुल कीमत 19,579.80 रुपये बताई गई है।
लैपटॉप और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान आरपीएफ ने एक एचपी लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और एक रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया। बरामद ई-टिकटों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर विधिवत कब्जे में लिया गया।
रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ के अनुसार, रेलवे ई-टिकटों की अनधिकृत बुकिंग और आपूर्ति के आरोप में गोलाम मोहम्मद को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार किया गया। मामले में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा कांड संख्या 663/2026, दिनांक 18 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है।
आरपीएफ ने बताया कि रेलवे ई-टिकटों की अनधिकृत बुकिंग और आपूर्ति करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









