राजमहल । मॉडल कॉलेज राजमहल के छात्र महमूद रज़ा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता हासिल करते हुए एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चयनित होकर महाविद्यालय, परिवार और पूरे राजमहल क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।
महमूद रज़ा, जो राजमहल प्रखंड के मनसिंघा गांव के निवासी हैं, की सफलता पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ने वाले विद्यार्थी ही मंजिल तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि महमूद रज़ा की उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि महमूद भविष्य में एक कुशल, संवेदनशील और समाजसेवी चिकित्सक बनकर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
सम्मान समारोह के दौरान महमूद रज़ा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और महाविद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे।
इस अवसर पर छात्र के पिता मो. सिराजुद्दीन ने महाविद्यालय परिवार एवं प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का इस प्रकार सम्मान किए जाने से उनका मनोबल बढ़ता है, आत्मविश्वास मजबूत होता है और प्रतिभा को नई पहचान मिलती है।
महमूद रज़ा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने उम्मीद जताई कि उनकी सफलता से प्रेरणा लेकर अन्य विद्यार्थी भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।










