फर्जी लिंक और मोबाइल हैकिंग से लाखों की साइबर ठगी का खुलासा, MBA पास युवक समेत दो गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया क्षेत्र में सक्रिय साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बेंगलुरु से MBA कर चुके डुमरिया निवासी अजय कुमार नायक उर्फ सोनू और खैरबनी निवासी विकास बारिक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का कथित मास्टरमाइंड घाटशिला निवासी कृष्णा ओझा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पंजाब के कारोबारी से 3.08 लाख की ठगी

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आरोपियों ने साइबर ठगी के जरिए पंजाब के पटियाला निवासी करण जैन के बैंक खाते से 3.08 लाख रुपये की ठगी की थी। पीड़ित द्वारा पटियाला साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद तकनीकी जांच शुरू हुई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जांच में सामने आया कि जनवरी 2026 में पीड़ित को एक फर्जी लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करते ही साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर कर ली।

प्रतिबिंब पोर्टल से मिली बड़ी सफलता

गृह मंत्रालय के प्रतिबिंब पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद डुमरिया पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, एसबीआई और बैंक ऑफ इंडिया के खातों से जुड़े दस्तावेज, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित कई संदिग्ध सामग्री बरामद की है।

पुलिस जांच में अजय कुमार नायक के खाते से करीब 80 हजार रुपये और विकास बारिक के खाते से करीब 2.50 लाख रुपये के लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। छापेमारी टीम में डीएसपी मुसाबनी रोहित कुमार राजवार सहित डुमरिया थाना की पुलिस शामिल थी।

मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस पूरे साइबर नेटवर्क का संचालन कथित तौर पर घाटशिला निवासी कृष्णा ओझा कर रहा था। उसने विभिन्न लोगों के बैंक खातों और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी का नेटवर्क तैयार किया था। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

बिना OTP के खाते से उड़ाए 5 लाख रुपये

इधर, जमशेदपुर के साकची आमबगान क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल कथित रूप से हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बताया कि अचानक उसके मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया और कुछ समय बाद फोन ने काम करना बंद कर दिया। बाद में मोबाइल चालू होने पर बैंक खाते से पैसे कटने के संदेश मिलने लगे।

पीड़ित का दावा है कि इस दौरान न तो कोई OTP आया और न ही कोई संदिग्ध संदेश मिला। घटना की शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस तकनीकी जांच में जुटी है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अज्ञात वीडियो कॉल या संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने और निकटतम साइबर थाने से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें