गिरिडीह के लापता युवक का शव जमुई के जंगल में मिला, हत्या का आरोप; सड़क जाम कर परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखोडीह निवासी नीरज हाजरा का शव बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नीरज 4 जुलाई से लापता थे। शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह चित्राडीह पहाड़ी के समीप जमुआ–पचंबा मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने नीरज की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की।

निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नीरज की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति को नियंत्रित रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जमुआ पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप दास स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नेता कामेश्वर पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

जांच जारी

फिलहाल प्रशासन प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें