पेंशन घोटाले की जांच से बोरियो-बरहेट में हड़कंप, डीडीसी-एडीसी ने संभाली कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गौतम कुमार, सतीश चन्द्र और अनिल कुमार की मौजूदगी में रिकॉर्ड खंगाले जा रहे, कर्मचारियों से मांगे गए महत्वपूर्ण दस्तावेज

साहिबगंज। जिले के बोरियो और बरहेट प्रखंड में कथित पेंशन भुगतान घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। मामले के सामने आने के बाद बुधवार को प्रशासनिक महकमे में सुधार से ही हलचल बनी रही। बोरियो प्रखंड कार्यालय में डीडीसी सतीश चन्द्र, एडीसी गौतम कुमार तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार स्वयं पहुंचकर जांच की निगरानी करते नजर आए। अधिकारियों की मौजूदगी से पूरे प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जांच टीम पेंशन योजना से जुड़े लाभुकों के रिकॉर्ड, भुगतान विवरण, बैंकिंग दस्तावेज, तकनीकी अभिलेख और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मचारियों से एक-एक दस्तावेज निकलवाकर उसका सत्यापन कराया जा रहा है। कई पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कथित फर्जीवाड़े की सच्चाई सामने लाई जा सके।

वहीं बरहेट प्रखंड कार्यालय में भी जांच को लेकर  हलचल बनी रही है। कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने और सभी अभिलेखों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया। सूत्रों के अनुसार जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि पेंशन भुगतान में कथित अनियमितताएं किस स्तर पर हुईं और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका रही।

मामले में दोनों प्रखंडों के कंप्यूटर ऑपरेटरों से भी पूछताछ किए जाने की चर्चा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि तकनीकी और दस्तावेजी दोनों पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। हालांकि जांच पूरी होने तक अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कथित पेंशन फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने संदिग्ध लाभुकों के भुगतान पर रोक लगा दी थी और डीडीसी सतीश चन्द्र के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में जांच आगे बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


सूत्रों का दावा है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बोरियो और बरहेट प्रखंडों में इस जांच को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Comment

और पढ़ें