डीडीसी-एडीसी ने संभाली कमान, बोरियो प्रखंड कार्यालय में रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम, कर्मचारियों में मची बचैनी
साहिबगंज। जिले के बोरियो और बरहेट प्रखंड में सामने आए कथित पेंशन भुगतान फर्जीवाड़ा मामले ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मंगलवार को मामला सुर्खियों में आने के बाद बुधवार सुबह से ही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। बोरियो प्रखंड कार्यालय में डीडीसी एवं एडीसी स्वयं पहुंचकर जांच की कमान संभाले हुए हैं, जबकि बरहेट प्रखंड कार्यालय में भी रिकॉर्ड खंगालने और दस्तावेजों के सत्यापन का दौर चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार बरहेट प्रखंड कार्यालय में जांच अधिकारियों ने कर्मचारियों को पेंशन भुगतान से जुड़े सभी अभिलेख, लाभुकों की सूची, बैंक भुगतान विवरण और तकनीकी रिकॉर्ड तत्काल प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कर्मचारियों से एक-एक दस्तावेज निकलवाकर उसका मिलान किया जा रहा है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी लाभुकों के नाम पर भुगतान किस प्रकार और किन स्तरों से किया गया।
जांच की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ब्लॉक कार्यालयों में सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल बना रहा है। कई कर्मचारी आवश्यक दस्तावेज जुटाने और पुराने रिकॉर्ड तलाशने में व्यस्त दिखाई दिए। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार मौजूदगी से कार्यालय परिसर में चर्चाओं का बाजार भी गर्म रहा।
मामले में दोनों प्रखंडों के कंप्यूटर ऑपरेटरों को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए उठाए जाने की जानकारी सामने आ रही है। सूत्र बताते हैं कि उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसियां तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

उल्लेखनीय है कि कथित पेंशन फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने संदिग्ध लाभुकों के भुगतान पर रोक लगा दी थी तथा डीडीसी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया था। अब जांच टीम दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।
सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पूरे जिले की नजर इस हाई-प्रोफाइल जांच पर टिकी हुई है।
#SanthalHulExpress #Sahibganj #PensionScam #Borio #Barhet #BreakingNews #JharkhandNews #DDC #ADC #Investigation #SahibganjUpdate #PensionFraud






