राजमहल थाना क्षेत्र में 13.7 ग्राम एमडीएमए बरामद, एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने दी जानकारी
साहिबगंज। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया पटल (बगानिया) में छापेमारी कर 13.7 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया है। कार्रवाई के दौरान मुर्गीटोला निवासी फकरुद्दीन शेख उर्फ मिंटू (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर फुलवरिया निवासी सलमान शेख को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त थे। मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 181/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी में अंचलाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी राजमहल मोहम्मद युसुफ की उपस्थिति में की गई। टीम में राजमहल थाना प्रभारी हरसनेन अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक पवन यादव, महादेव उरांव, सहायक अवर निरीक्षक बृजनंदन चौधरी, हवलदार महेंद्र यादव तथा आरक्षी दिनेश कुमार शामिल थे।
एक दिन पहले उधवा में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पूर्व राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा ओवरब्रिज के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर 7.88 ग्राम एमडीएमए के साथ फिरोज शेख (23 वर्ष), निवासी पहाड़गांव को गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि साहिबगंज पुलिस जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
#SahibganjNews #Rajmahal #Udhwa #MDMA #DrugBust #JharkhandPolice #RajmahalPolice #CrimeNews #BreakingNews #Sahibganj
