रांची में दहशत में कारोबारी, प्रिंस खान के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की धमकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

रांची: राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते एक सप्ताह के दौरान शहर के कई बड़े कारोबारियों को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी गई है। लगातार मिल रही धमकियों से व्यापारिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

ताजा मामला लालपुर थाना क्षेत्र के हरिओम टावर निवासी व्यवसायी उदय शंकर से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जून की रात उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और संदेश आया। कॉल करने वाले ने खुद को दुबई में मौजूद प्रिंस खान बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

इसी प्रकार शहर के प्रतिष्ठित पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल को भी उसी नंबर से धमकी भरे कॉल और संदेश प्राप्त हुए। उनसे भी पांच करोड़ रुपये की मांग की गई और भुगतान नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। मामले को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों कारोबारियों को एक ही विदेशी नंबर से कॉल किए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित अपराधी गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से नंबर की लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

लगातार सामने आ रही रंगदारी की घटनाओं ने शहर के कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर व्यापारिक माहौल पर पड़ सकता है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

#Ranchi #PrinceKhan #ExtortionCase #JharkhandNews #CrimeNews #BusinessCommunity #RanchiPolice #SanthalHulExpress #BreakingNews #JharkhandCrime #Rangdari #LatestNews

Leave a Comment

और पढ़ें