टाटा-रांची एनएच-33 पर दो ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत, 6 यात्री गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

सरायकेला-खरसावां: टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना करणीडीह और भादुडीह के बीच हुई, जहां विपरीत दिशा से आ रहे दो ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय दोनों वाहनों में कई यात्री सवार थे। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि एक ऑटो चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा मित्र शेखर गांगुली अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि टाटा-रांची एनएच-33 पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।

#Jharkhand #SeraikelaKharsawan #NH33 #RoadAccident #Jamshedpur #Chandil #BreakingNews #SanthalHulExpress

Leave a Comment

और पढ़ें