प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने के बाद भड़का विवाद, दो पक्षों में पथराव, पुलिस टीम पर भी हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संथाल हूल एक्सप्रेस डेस्क

गिरिडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन महुआ गांव में प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने के बाद उत्पन्न तनाव शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, 31 मई को गांव में प्रतिबंधित पशु का सिर मिलने की घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव व्याप्त था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। शनिवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंचने के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में मौजूद उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाया। भीड़ द्वारा किए गए पथराव में दो चौकीदारों को मामूली चोटें आईं। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई थानों की अतिरिक्त पुलिस बल को गांव और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है। सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

 

Leave a Comment

और पढ़ें