जमशेदपुर। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार डिमना लेक को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है, लेकिन मौजूदा हालात इस महत्वाकांक्षी योजना पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह स्थल इन दिनों गंदगी, अड्डेबाजी और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के कारण चर्चा में है।
स्थानीय लोगों के अनुसार डिमना लेक परिसर में दिनभर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। खुलेआम शराब सेवन, खाली बोतलों का इधर-उधर फेंका जाना और प्लास्टिक कचरे का बढ़ता ढेर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। स्थिति यह है कि कई पर्यटक यहां खुद को असुरक्षित और असहज महसूस करते हैं।
बोड़ाम थाना क्षेत्र में स्थित डिमना लेक में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। समय-समय पर सफाई अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।
स्कूली बच्चों ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी
डिमना लेक को स्वच्छ बनाने की दिशा में शहर के विद्यार्थियों ने सराहनीय पहल की है। करीम सिटी कॉलेज, ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल समेत कई शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर लेक परिसर में फैली गंदगी को साफ किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग की पहल पर आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने डिमना लेक में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई। छात्रों का कहना था कि जनसहभागिता से ही इस खूबसूरत पर्यटन स्थल को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है।
पर्यटन विकास के तहत बनेंगे 10 आधुनिक रेस्ट हाउस
डिमना लेक को पर्यटन के नक्शे पर और आकर्षक बनाने के लिए वन विभाग द्वारा लेक किनारे कुटिमाकुली क्षेत्र में 10 आधुनिक रेस्ट हाउसों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पर्यटकों के लिए कई अन्य सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है।
हालांकि, स्थानीय लोगों और पर्यटकों का मानना है कि केवल आधारभूत सुविधाओं का विकास पर्याप्त नहीं होगा। सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और साफ-सफाई की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
सुरक्षा और स्वच्छता बनी सबसे बड़ी जरूरत
चारों ओर पहाड़ियों से घिरा डिमना लेक अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण वर्षों से पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। लेकिन बढ़ती अराजकता और गंदगी इसकी पहचान को प्रभावित कर रही है। यदि प्रशासन समय रहते सुरक्षा और स्वच्छता के मोर्चे पर ठोस कदम उठाता है, तो डिमना लेक न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।


