गिरिडीह में दिल दहला देने वाली वारदात, सो रहे दंपति पर धारदार हथियार से हमला, दोनों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गिरिडीह। जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत दलान चकरी गांव में देर रात एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। नकाबपोश अपराधियों ने घर के आंगन में सो रहे दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 45 वर्षीय पत्तिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी परनी देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, पत्तिया हांसदा जैन तीर्थयात्रियों को डोली के माध्यम से पहाड़ी मार्गों पर ले जाने का कार्य करते थे। मंगलवार देर रात पति-पत्नी अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अपराधियों ने गले और सीने पर धारदार हथियार से वार किए, जिससे पत्तिया हांसदा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दंपति की चीख-पुकार सुनकर उनके चार बच्चों की नींद खुल गई। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

गंभीर रूप से घायल परनी देवी को ग्रामीणों ने खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से उन्हें इलाज के लिए धनबाद के पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मृतक के रिश्तेदार अनिल हेंब्रम ने बताया कि अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और हत्या के पीछे के कारण भी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

यह घटना क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को भी उजागर करती है, जहां गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस के बजाय खटिया का सहारा लेना पड़ा।

Leave a Comment

और पढ़ें