भाभी से अवैध प्रेम संबंध में भाई बना भाई का कातिल, मरांग मरांडी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंडरो -साहेबगंज जिला अंतर्गत मिर्जाचौकी थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के बल पर बहुचर्चित मरांग मरांडी हत्याकांड का सफल खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के सगे छोटे भाई सनत टुड्डू को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। हत्या के पीछे अवैध प्रेम संबंध की कहानी उजागर हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के कटहल टोला निवासी 41 वर्षीय मरांग मरांडी का शव बीते रविवार को मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बसाहा गांव से कुछ दूरी पर पहाड़ की तलहटी से बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले को लेकर मृतक की पत्नी तानी चौड़े (35 वर्ष) के लिखित आवेदन पर मिर्जाचौकी थाना में अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 48/26, धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साहेबगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जब जांच को आगे बढ़ाया, तो शक की सुई मृतक के घर तक पहुंच गई।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी तानी चौड़े और उसके सगे छोटे भाई सनत टुड्डू (23 वर्ष) के बीच लंबे समय से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। बताया जाता है कि आरोपी सनत टुड्डू अपने बड़े भाई की मौजूदगी को अपने प्रेम संबंध में बाधा मानता था। इसी कारण उसने अपने ही सगे बड़े भाई को रास्ते से हटाने की साजिश रची और मौका मिलते ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनत टुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया, जो घटना के खुलासे में अहम साक्ष्य साबित हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में मिर्जाचौकी थाना पुलिस की विशेष टीम की अहम भूमिका रही। छापेमारी दल में पु०अ०नि० रूपेश कुमार यादव, पु०अ०नि० प्रवीण कुमार प्रभाकर, पु०अ०नि० विक्रम कुमार बाउरी तथा मिर्जाचौकी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

और पढ़ें