ग्रामीणों में दहशत, जांच में जुटी बरहेट थाना पुलिस
बरहेट । थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनाजोड़ी-धनजोड़ी गांव मेंमोबाइल चोरी का मामला सामने आया है। यहाँ बीते बुधवार की रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक ही रात में अलग-अलग घरों से कुल 11 मोबाइल फोन उड़ा लिए। खास बात यह है कि चोरों ने किसी दुकान को निशाना नहीं बनाया, बल्कि सोते हुए ग्रामीणों के घरों में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। इस सामूहिक चोरी से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार, चोर कब और किधर से घरों में दाखिल हुए और कब मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गए, इसकी भनक किसी को भी नहीं लग सकी। सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं, तब जाकर इस बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल गायब होने से ग्रामीण अवाक हैं। घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और चोरों के सुराग तलाशने में जुटी है। पीड़ितों में नमित पंडित, गौतम पंडित, भोला पंडित, बिक्की ठाकुर, बिक्की ठाकुर, संदीप यादव, विजय ठाकुर, पिंकु ठाकुर, कार्तिक पंडित, अभिमन्यु ठाकुर है।





