पूर्ववर्ती छात्र मिलन सह सम्मान समारोह में भावुक हुए प्रशिक्षु
साझा किए संघर्ष, सफलता और सीख के अनुभव
संथाल हूल एक्सप्रेस संवाददाता
हजारीबाग: गौतम बुद्ध शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, मुकुंदगंज में मंगलवार को आयोजित एल्युमिनी मीट 2026 यादगार बन गया। वर्ष 2007 से अब तक के पूर्ववर्ती प्रशिक्षुओं का जुटान हुआ, जहां पुरानी यादें ताजा हुईं और गुरु-शिष्य संबंधों की गर्माहट फिर महसूस की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में कार्यरत पूर्ववर्ती छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया। रामनारायण +2 उच्च विद्यालय, हंटरगंज के शिक्षक पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि महाविद्यालय से मिला अनुशासन, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास की सीख उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
पूर्ववर्ती छात्र सचिन ने कहा कि यहां की ट्रेनिंग ने उन्हें धैर्य और आत्मबल दिया, जबकि तप नारायण मेहता ने बताया कि महाविद्यालय में मिली प्रशिक्षण पद्धति के कारण ही उनका चयन केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक पद के लिए हुआ।
अलका सोरेंग, ज्योति सोनी, संजय कुमार और दीपक कुमार ने भी महाविद्यालय के सहयोगात्मक माहौल और शिक्षण पद्धति की सराहना की। इस दौरान एल्युमिनी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पप्पू कुमार ने संस्था को अनुदान स्वरूप एक टैब भेंट किया।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि अतीत को याद करने की परंपरा समाज को जोड़ती है और पूर्ववर्ती छात्र हमेशा संस्थान की ताकत होते हैं। वहीं सचिव मिथिलेश मिश्र और प्राचार्य डॉ. बसुंधरा कुमारी ने एल्युमिनी नेटवर्क की उपयोगिता और सामाजिक सहभागिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का मन मोह लिया और समारोह को यादगार बना दिया। मंच संचालन नेहा कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्ववर्ती छात्र संगठन के अध्यक्ष कुंदन कुमार ने किया।
समारोह में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में पूर्ववर्ती छात्र मौजूद रहे।






